सोशल मीडिया पर ‘राजनीतिक पोस्ट’ पड़ी भारी: बलरामपुर में पटवारी सम्प्रीत एक्का निलंबित, नीट मामले से जुड़ी थी पोस्ट
बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के तहसील डौरा-कोचली में पदस्थ हल्का पटवारी सम्प्रीत एक्का को सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधि से जुड़ी पोस्ट शेयर करना भारी पड़ गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़ी एक खबर व्हाट्सएप पर प्रसारित करने के आरोप में बुधवार को एसडीएम (राजस्व) बलरामपुर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, पटवारी सम्प्रीत एक्का ने 25 जुलाई को नीट (NEET) पेपर लीक विवाद से जुड़ी एक पोस्ट अपने व्हाट्सएप पर साझा की थी, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का दावा किया गया था। यह पोस्ट सामने आते ही जिले के राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई, जिसके बाद मामले की शिकायत सीधे प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुँची।
नोटिस का जवाब असंतोषजनक
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कार्यालय ने 26 जुलाई 2026 को पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण माँगा था। प्रशासन के अनुसार, पटवारी द्वारा दिए गए जवाब की समीक्षा की गई, लेकिन उसे संतोषजनक नहीं पाया गया।
जाँच में पाया गया कि पटवारी का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 5, 6 और 9 का प्रत्यक्ष उल्लंघन है। नियम उल्लंघन की पुष्टि होने पर एसडीएम ने तुरंत प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
मुख्यालय बलरामपुर तय, मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
निलंबन अवधि के दौरान सम्प्रीत एक्का का मुख्यालय तहसील कार्यालय बलरामपुर निर्धारित किया गया है। नियमानुसार, इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) मिलता रहेगा।

कर्मचारियों में मचा हड़कंप
इस सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। शासकीय सेवकों द्वारा सोशल मीडिया पर राजनीतिक विषयों पर टिप्पणी और शेयरिंग को लेकर बहस फिर गर्म हो गई है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि आचरण नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
