सावन का पहला सोमवार: बारिश पर भारी पड़ी आस्था, बलरामपुर में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे
बलरामपुर: पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को संपूर्ण बलरामपुर जिला भगवान शिव की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। प्रातः काल से ही जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। मंदिर परिसरों से लेकर समीपवर्ती क्षेत्रों तक ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष गूंजते रहे। रुक-रुक कर हो रही वर्षा भी शिवभक्तों के अटूट उत्साह को डिगा न सकी और लोग छाता व बरसाती लेकर देवों के देव महादेव का जलाभिषेक करने पहुंचे।

कन्हर तट के प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ा जनसैलाब रामानुजगंज में प्रथम सोमवार को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कन्हर नदी के तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवभक्तों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर विधिवत पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया।

15 किमी पैदल यात्रा कर तातापानी रवाना हुए कांवरिये रामानुजगंज के कन्हर नदी स्थित छठ घाट पर सुबह से ही कांवरियों का जमघट लगने लगा था। शिवभक्तों ने कन्हर नदी से पवित्र जल भरा और गाजे-बाजे के साथ तातापानी स्थित प्रसिद्ध तपेश्वर महादेव मंदिर के लिए पैदल प्रस्थान किया। रामानुजगंज से तातापानी की लगभग 15 किलोमीटर की दूरी कांवरियों ने करीब ढाई घंटे की पैदल यात्रा तय कर पूरी की। इस जत्थे में युवाओं, बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल रहे।
मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा कांवरियों के लिए जलपान व विश्राम की व्यवस्था की गई थी। रामानुजगंज-तातापानी मार्ग के निर्माणाधीन होने के कारण कांवरियों को कुछ स्थानों पर कठिनाइयों का सामना अवश्य करना पड़ा, लेकिन भोलेनाथ के प्रति अगाध श्रद्धा के सामने मार्ग की बाधाएं बौनी साबित हुईं।
कन्हर नदी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद लगातार हो रही बारिश के कारण कन्हर नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज हो गया है। किसी भी अनहोनी को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामानुजगंज छठ घाट पर पुलिस बल और नगर सेवा की टीम तैनात रही। सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं और कांवरियों से नदी के सुरक्षित दायरे में रहकर ही जल भरने तथा गहरे पानी में न जाने की अपील की।
