बलरामपुर जिले के 22 चयनित ग्रामों में 6 से 8 अगस्त तक विशेष एग्रीस्टैक एवं आधार शिविर
बलरामपुर। जिले के किसानों को डिजिटल कृषि पहचान पत्र (एग्रीस्टैक) से जोड़ने और शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी व सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में 6 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक जिले के सभी 10 विकासखंडों की 22 चयनित उचित मूल्य दुकानों (राशन दुकानों) में विशेष एग्रीस्टैक एवं आधार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन तीन दिवसीय शिविरों के माध्यम से किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन के साथ-साथ आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं व त्रुटियों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
विकासखंडवार शिविर स्थल (उचित मूल्य दुकानें):
- बलरामपुर तहसील: महाराजगंज, अधौरा, भनौरा, दहेजवार एवं टांगरमहरी
- रामानुजगंज तहसील: पुरानडीह
- रामचंद्रपुर तहसील: सनावल
- राजपुर तहसील: चौरा एवं परसागुड़ी
- शंकरगढ़ तहसील: दोहना एवं डीपाडीहकला
- कुसमी तहसील: मदगुरी, कंजिया एवं गजाधरपुर
- सामरी तहसील: टाटीझरिया
- चांदो तहसील: नवाडीहकला
- वाड्रफनगर तहसील: रजखेता एवं कोटराही
- रघुनाथनगर तहसील: पंडरी, गिरवानी एवं सरना
- चलगली तहसील: बरतीकला
जिला प्रशासन ने क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम राशन दुकान स्थित शिविर में पहुंचकर एग्रीस्टैक पंजीयन कराएं तथा आधार से संबंधित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी योजनाओं के लाभ से कोई वंचित न रहे।
