Local NewsBalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

सनावल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: दहेज के लिए मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, 3 डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

सनावल / रामानुजगंज : बलरामपुर जिले के सनावल थानांतर्गत ग्राम सेमरवा में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीया नवविवाहिता संगीता यादव का शव गांव के ही तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि यह अभी साफ नहीं हो सका है कि यह हत्या है या आत्महत्या।

पिता का गंभीर आरोप: फ्रिज-वाशिंग मशीन के लिए होती थी मारपीट

मृतिका के पिता पचावल निवासी गंगा यादव ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का संगीन आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि संगीता का विवाह इसी वर्ष 12 मई को हुआ था, लेकिन शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता के अनुसार, दामाद शादी में फ्रिज और वाशिंग मशीन न मिलने को लेकर अक्सर नाराज रहता था और संगीता के साथ मारपीट करता था। दो महीने पहले खेत में काम करने के दौरान और रक्षाबंधन पर मिलने जाने के दौरान भी बेटी ने अपने साथ हुई हिंसा की आपबीती बताई थी। पिता ने आशंका जताई है कि दहेज की बलि चढ़ाने के लिए ही बेटी को मौत के घाट उतारा गया है।

तहसीलदार की निगरानी में 3 डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रामानुजगंज तहसीलदार मनोज पैकरा की सीधी निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके लिए तीन डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एक महिला चिकित्सक भी शामिल थीं। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की फोटोग्राफी भी कराई गई है। मामले पर डॉक्टर कनीत कुमार ने बताया कि शव की अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट फॉरेंसिक लैब (FSL) की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जारी की जाएगी।

पुलिस का बयान: FSL रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज

सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस मायके पक्ष के आरोपों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू की गहराई से तफ्तीश कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *