EnvironmentBalrampurChhattisgarhCrime & LawLocal NewsRamanujganj

शिवपुर में फिर गरजा ‘दंतैल’: मवेशी चरा रहे 59 वर्षीय ग्रामीण को हाथी ने कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवपुर में एक बार फिर नर हाथी ने तबाही मचाई है। रविवार सुबह अपने घर के पीछे जंगल में भैंस चराने गए 59 वर्षीय ग्रामीण इन्द्रनाथ सिंह को झारखंड की ओर से आए एक नर हाथी ने कुचलकर मार डाला। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

अचानक हुआ हमला, संभलने का मौका तक नहीं मिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुर निवासी इन्द्रनाथ सिंह रविवार सुबह मवेशी चराने के लिए गांव से सटे जंगल की तरफ गए थे। वह जमीन पर बैठे हुए थे, तभी पीछे से पहुंचे एकाकी नर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने सूंड और पैर से पटकने के बाद उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

मौके पर पहुंचे अफसर, 25 हजार की तात्कालिक सहायता राशि जारी

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और विजयनगर पुलिस की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए 100 बिस्तरीय अस्पताल, रामानुजगंज भेजा। इस दौरान एसडीओ आलोक जायसवाल, धमनी रेंजर केशवराज खटकर, बलरामपुर रेंजर निखिल सक्सेना और विजयनगर चौकी प्रभारी अश्विनी सिंह मौजूद रहे।

वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है। एसडीओ जायसवाल ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही नियमानुसार शेष 5.75 लाख रुपए की मुआवजा राशि परिजनों के बैंक खाते में भेज दी जाएगी।

शिवपुर में 3 महीनों के भीतर हाथी के हमले से तीसरी मौत

शिवपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों के आतंक से लोग बेहद चिंतित हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शिवपुर क्षेत्र में हाथी के हमले से जनहानि की यह तीसरी घटना है:

  • मई 2024: ग्राम पंचायत शिवपुर के सरपंच की बुजुर्ग मां कलावती देवी की हाथी के हमले में मौत।
  • अप्रैल 2024: झारखंड से शिवपुर अपनी बहन के घर आई युवती की महुआ बीनने के दौरान मौत।
  • अब (रविवार): 59 वर्षीय इन्द्रनाथ सिंह की कुचलने से मौत।

कन्हर नदी पार कर पहुंच रहे हाथी, समय पर अलर्ट न मिलने से आक्रोश

छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज (शिवपुर) और झारखंड के चीनिया क्षेत्र के बीच कन्हर नदी बहती है। हाथी अक्सर नदी पार कर रिहाइशी इलाकों में आ धमकते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त नर हाथी ने शिवपुर आने से पहले शनिवार रात झारखंड के चीनिया में एक मकान को ढहाया था।

किसान मोर्चा के महामंत्री विवेक यादव ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि चीनिया में हुई तोड़फोड़ की सूचना समय रहते शिवपुर के ग्रामीणों को मिल जाती, तो इन्द्रनाथ सतर्क हो सकते थे। उन्होंने मांग की कि विभाग केवल हादसों के बाद न जागे, बल्कि मुनादी के साथ-साथ व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया के जरिए ग्रामीणों को हाथियों की लोकेशन की रियल-टाइम जानकारी दे।

वन विभाग का दावा: निगरानी बढ़ाई गई, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

दूसरी तरफ वन विभाग का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। घटना के बाद शिवपुर और आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ा दी गई है तथा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और हाथी की सूचना मिलते ही सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *