कन्हर नदी के रौद्र रूप में बहा युवक: रामानुजगंज-गोदरमाना एनीकट पर दर्दनाक हादसा, तेज बहाव में फंसा… फिर आंखों के सामने ओझल हुआ
रामानुजगंज / बलरामपुर : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से उफान पर आई कन्हर नदी रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की गवाह बनी। गोदरमाना (झारखंड) से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे एक युवक की उफनते एनीकट को पार करने के चक्कर में नदी के तेज बहाव में बहने से मौत की आशंका जताई जा रही है। रविवार सुबह करीब 9 बजे घटी इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस व बचाव दल युवक की तलाश में कन्हर नदी के तेज बहाव में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।

पानी के प्रचंड वेग में फंसा, 500 मीटर तक बहता दिखा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एनीकट के ऊपर से करीब दो से तीन फीट पानी का तेज बहाव हो रहा था। इसके बावजूद युवक जोखिम उठाकर एनीकट पार करने की कोशिश करने लगा। जैसे ही वह एनीकट के बीच में पहुंचा, पानी के प्रचंड वेग के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। युवक काफी देर तक जान बचाने के लिए पानी के बीच फंसा रहा और मदद की गुहार लगाता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने जब तक बचाव का इंतजाम किया और पुलिस को सूचना दी, तब तक उसका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह कन्हर नदी के रौद्र प्रवाह में समा गया और करीब 500 मीटर दूर तक बहते हुए आंखों से ओझल हो गया।
पुलिस और गोताखोरों का रेस्क्यू जारी, शिनाख्त की कोशिश
घटना की खबर मिलते ही रामानुजगंज पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन शुरू कर दी है। हालांकि, नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी और तेज करंट के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस युवक की पहचान जुटाने के साथ झारखंड पुलिस से भी संपर्क साध रही है।
प्रशासन की अपील: उफनती नदियों और एनीकट को पार न करें जोखिम
क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से नदी-नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग ने आम जनता से पुरजोर अपील की है कि जलभराव या एनीकट के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में किसी भी हाल में उसे पार करने का जोखिम न उठाएं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
