कनकपुर में हृदयविदारक हादसा: पानी से भरी डबरी बनी काल, डेढ़ वर्षीय दीपक की जान गई
रामानुजगंज (बलरामपुर)। रामानुजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कनकपुर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खेलते समय पानी से भरी डबरी में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम की असामयिक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

ग्राम कनकपुर के गिजनियादामर टोला निवासी अनिल रवि का डेढ़ वर्षीय बेटा दीपक रवि सोमवार को घर के पास ही अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक पास स्थित पानी से लबालब डबरी में गिर गया। हादसे के वक्त घर में कोई बड़ा मौजूद नहीं था; बच्चे के पिता अनिल रवि रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं, जबकि मां किसी जरूरी काम से गांव की सोसाइटी गई हुई थी।
काफी देर तक जब दीपक नजर नहीं आया, तो उसके दादा रमेश रवि ने खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए जब वे घर से लगभग 50 मीटर दूर बनी डबरी के पास पहुंचे, तो मासूम का शव पानी में तैरता मिला। बदहवास परिजन बच्चे को तत्काल रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मिली सूचना पर रामानुजगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और मर्ग दर्ज किया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है, विस्तृत पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
