Local NewsBalrampurChhattisgarhPoliticsRamanujganj

रामानुजगंज में अनूठी पहल: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर ग्रामीणों के धोए गए पैर, बांटे गए कंबल और हुआ सामूहिक भोज

रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मितगई स्थित स्कूल मैदान में भव्य आयोजन किया गया। पूर्व जिला पंचायत सभापति राजेश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बुजुर्गों और ग्रामीणों के प्रति सम्मान प्रकट करना रहा।

पैर धोकर और कंबल भेंट कर जताया सम्मान

कार्यक्रम का सबसे भावुक और मुख्य आकर्षण ग्रामीणों का सत्कार रहा। आयोजकों द्वारा सैकड़ों महिला और पुरुषों के पैर धोकर उन्हें कंबल भेंट किए गए। इस अनूठी पहल के जरिए ग्रामीणों के प्रति आत्मीयता और सम्मान की मिसाल पेश की गई। समारोह में मौजूद लोगों ने डॉक्टर रमन सिंह के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज

जन्मदिन के इस उत्सव में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था। आयोजन स्थल पर जमकर आतिशबाजी की गई और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। दर्जनों गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से पूरा माहौल उत्सवी नजर आया।

सामूहिक सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में एक विशाल सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से आए लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी मेल-मिलाप और ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *