हथियार के साथ पकड़ा गया तौकीर अहमद, पहले भी कई अपराधों में शामिल
रायपुर। टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में 30 दिसंबर 2025 को तौकीर अहमद उर्फ बबलू बाटली को भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो खाली मैगजीन बरामद किए, जिन्हें वह नागपुर से लाया था।
तौकीर अहमद का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में वह पूर्व पार्षद के बेटे पर चाकू से हमला करने के मामले में हत्या का आरोपी है। इस घटना में तौकीर और उसका एक साथी शामिल थे। इसके अलावा सिविल लाइन क्षेत्र में नारकोटिक्स एक्ट के तहत भी उस पर केस दर्ज था। उस पर आरोप है कि वह उड़ीसा से नशीले पदार्थ लाकर बेचता था, जिसमें शेख महबूब और रवि नारायण दीप उसके सह-आरोपियों के रूप में शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि तौकीर अहमद आदतन अपराधी है। हथियार बरामद होने पर उसके खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
