Local NewsBalrampurRamanujganj

रामचंदरपुर के जंगल में मिली सर कटी लाश का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

The current image has no alternative text. The file name is: 1000317950.jpg

— ज्ञानतत्व दैनिक की खबर के बाद तेज हुई जांच

 

बलरामपुर–रामानुजगंज।

थाना रामचंदरपुर क्षेत्र के जंगल में मिली अज्ञात सर कटी वृद्ध की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही मामला है, जिसे ज्ञानतत्व दैनिक ने प्रमुखता से उठाया था और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी।

 

पुलिस द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार, थाना रामचंदरपुर, जिला बलरामपुर–रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 103 बीएनएस के तहत आरोपी देवकुमार यादव (38 वर्ष), निवासी कालिकापुर, थाना रामचंदरपुर को गिरफ्तार किया गया है।

 

ऐसे सामने आया मामला

दिनांक 15 जनवरी 2026 को प्रार्थी अनिल यादव ने थाना रामचंदरपुर में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके दादा देवशरण यादव प्रतिदिन की तरह गाय चराने जंगल गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। तलाश के दौरान कुरसा नाला के पास टांड़ में उनका शव सिर कटी अवस्था में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देवकुमार यादव का मृतक के साथ पुराना जमीन विवाद चल रहा था। आरोपी मृतक से रंजिश रखता था और कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। घटना के दिन गांव में मानदेव के बच्चे का दशगात्र संस्कार था, जहां आरोपी को पता चला कि मृतक जंगल की ओर गया है। इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाकर कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया और बाद में गले पर कई वार कर हत्या कर दी।

 

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। आरोपी को 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

ज्ञानतत्व दैनिक की भूमिका

गौरतलब है कि ज्ञानतत्व दैनिक ने रामचंदरपुर के जंगल में मिली सर कटी लाश के इस सनसनीखेज मामले को सबसे पहले प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस और प्रशासन पर दबाव बना, जिसके परिणामस्वरूप त्वरित जांच और आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

 

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *