केमिस्ट एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण: अध्यक्ष अजय, सचिव द्वारिका और कोषाध्यक्ष नवीन ने संभाली कमान
रामानुजगंज (बलरामपुर)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला औषधि विक्रेता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का गठन पूर्ण होने के साथ ही नई टीम ने विधिवत कामकाज संभाल लिया है। सोमवार को रामानुजगंज के मां तारा गोपाल हाइट्स में संघ की चतुर्थ आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

उल्लेखनीय है कि विगत 14 सितंबर को संपन्न हुए निर्वाचन में संगठन ने एकजुटता का परिचय देते हुए सभी प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन किया था। इसके तहत अजय गुप्ता अध्यक्ष, द्वारिका नाथ पांडेय सचिव तथा नवीन गुप्ता कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे।
238 दवा व्यवसायियों का जताया आभार
शपथ ग्रहण एवं आमसभा के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि जिले के सभी 238 केमिस्ट साथियों के अटूट समर्थन और विश्वास की बदौलत उन्हें लगातार चौथी बार इस गरिमामयी पद पर सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि साथियों ने जिस भरोसे के साथ यह दायित्व सौंपा है, वे उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
‘दवा कारोबारी नशे के सौदागर नहीं’—प्रशासन से सहयोग की अपील
अजय गुप्ता ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से परस्पर समन्वय और सहयोगात्मक रवैया अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि केमिस्ट जीवनरक्षक दवाओं का कारोबार करते हैं, न कि नशे का व्यापार। ऐसे में बिना किसी ठोस आधार के सीधे दुकानों पर पुलिस भेजकर कारोबारियों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी विशिष्ट मामले या विक्रेता को लेकर विभाग को कोई संदेह है, तो संगठन जांच और वैधानिक कार्रवाई में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा।
चुनौतियों से निपटकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प
अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के भौगोलिक रूप से पिछड़ा होने के कारण स्थानीय दवा कारोबार और स्वास्थ्य वितरण व्यवस्था में कई व्यावहारिक समस्याएं हैं। इन चुनौतियों को प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर हल किया जाएगा। आमसभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने का संकल्प दोहराया।
