बलरामपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन सख्त: पिकअप और स्कूल वैन से वसूला जुर्माना
बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले में सड़क सुरक्षा, यात्री सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के कड़े निर्देशन में परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एक सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने और स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को रोकना है।

वाड्रफनगर में मालवाहकों पर कार्रवाई इसी अभियान के तहत संयुक्त टीम ने वाड्रफनगर क्षेत्र में दबिश दी। जांच के दौरान दो ऐसे पिकअप वाहन पकड़े गए, जो मालवाहक के रूप में पंजीकृत थे लेकिन उनमें अवैध रूप से सवारियां बैठाई गई थीं। नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने वाले इन दोनों वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए 5,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रामानुजगंज में नियमों को ताक पर रखने वाली स्कूल वैन पर शिकंजा इसके साथ ही रामानुजगंज क्षेत्र में भी प्रशासन का हंटर चला। यहाँ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई जांच के दौरान एक स्कूल वैन परिवहन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाई गई। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों में लापरवाही बरतने पर इस स्कूल वैन पर 5,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
कुल 10,300 रुपये का जुर्माना, चालकों को सख्त हिदायत संयुक्त टीम द्वारा की गई इस पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले वाहनों से कुल 10,300 रुपये का शमन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया। इसके साथ ही अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त लहजे में समझाइश दी कि वे भविष्य में सभी सुरक्षा मानकों और परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, अन्यथा आगे और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
