BalrampurChhattisgarhDevelopmentEducationRamanujganj

कौशल विकास: शासकीय लरंग साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एम.एससी. बॉटनी छात्र मशरूम उत्पादन की बारीकियों से हुए रूबरू, प्रशिक्षण संपन्न

रामानुजगंज 06 मई 2026/ जिला–बलरामपुर-रामानुजगंज के वनस्पति शास्त्र विभाग के अंतर्गत एम.एससी. द्वितीय सेमेस्टर के 33 विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष एस. बी. यादव (सहायक प्राध्यापक, वनस्पति शास्त्र) एवं श्री एम.डी. आकिफ (अतिथि व्याख्याता) के मार्गदर्शन में, प्राचार्य महोदय की अनुमति से जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, अंबिकापुर (सरगुजा) में आयोजित एक दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ. प्रशांत कुमार शर्मा, वैज्ञानिक, जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, अंबिकापुर द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के मशरूमों—खाद्य एवं अ-खाद्य—की पहचान, उनकी उत्पत्ति, संरचना एवं उपयोगिता के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के दौरान ऑयस्टर मशरूम के वैज्ञानिक उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया को क्रमबद्ध रूप से समझाया गया। इसमें प्रयोगशाला में मदर स्पॉन एवं सिस्टर स्पॉन तैयार करने की विधि, उनके संरक्षण एवं उपयोग, तथा उत्पादन की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त धान एवं गेहूं की भूसी में मशरूम उत्पादन की तकनीक, आवश्यक सावधानियाँ, स्वच्छता प्रबंधन, लागत एवं लाभ का विश्लेषण, तथा कम निवेश में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपायों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

डॉ. शर्मा ने मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार का एक प्रभावी माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को प्रशिक्षण स्थल तक लाने-ले जाने में बस प्रभारी मानिता सिंह का विशेष सहयोग रहा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों द्वारा सामाजिक सहभागिता (Social Outreach) एवं कौशल विकास (Skill Development) के उद्देश्य से प्राप्त किया गया, जिससे उनके व्यावहारिक ज्ञान एवं रोजगारोन्मुखी क्षमता में अभिवृद्धि हुई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं मशरूम उत्पादन किट प्रदान की गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के कौशल विकास, व्यावहारिक ज्ञानवर्धन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *