EnvironmentBalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

दस्तावेजों में हेरफेर कर हो रही थी लकड़ी की तस्करी, वन विभाग ने कन्हर बैरियर पर ट्रक किया जब्त

रामानुजगंज / बलरामपुर:

रामंनुजगंज वन विभाग की टीम ने अंतर्राज्यीय कन्हर बैरियर पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे ले जाई जा रही लकड़ी से लदे एक ट्रक को रंगे हाथों पकड़ा है। विभाग ने इस मामले में वन अपराध दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है और उसे चोरपहरी डिपो में खड़ा करवा दिया है।

सुबह-सुबह कन्हर बैरियर पर बड़ी घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, वनमंडलाधिकारी (DFO) आलोक वाजपेई के कड़े निर्देशों पर वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बनो के नेतृत्व में गुरुवार अलसुबह करीब 5 बजे से ही छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित अंतर्राज्यीय कन्हर बैरियर पर सघन वाहनों की चेकिंग चलाई जा रही थी। इसी दौरान टीम ने संदेहास्पद ट्रक (क्रमांक CG 15 ED 9966) को रोककर उसके दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि ट्रक में लोड लकड़ी का परिवहन पूरी तरह से जाली और फर्जी कागजातों के दम पर किया जा रहा था।

लाखों की लकड़ी और ट्रक जब्त

वन अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक से भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की। जब्त की गई लकड़ियों में खम्हार, जामुन और नीलगिरी प्रजाति के कुल 89 नग शामिल हैं, जिनका कुल आयतन 22.074 घन मीटर आंका गया है। वन विभाग ने इस मामले में तत्काल वन अपराध क्रमांक 21972/09 दर्ज करते हुए ट्रक और लकड़ी को अग्रिम कार्रवाई के लिए चोरपहरी डिपो में सुरक्षित रखवा दिया है। विभाग द्वारा इस रैकेट से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल रही यह टीम

तस्करी के इस प्रयास को नाकाम करने में वन विभाग की टीम के सदस्यों की भूमिका बेहद सराहनीय रही। इस पूरी कार्रवाई को अमलीजामा पहनाने में वनपाल दयाशंकर, विजय बर्मन, सुसना भगत, राजनाथ, पिंटू मालाकार, मंगल राम और निखिल ने बेहद सक्रिय और मुस्तैद भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *