जन चेतना कल्याण मंच ने किया रामानुजगंज थाना पुलिस परिवार का सम्मान
अंगवस्त्र भेंट कर किया अभिनंदन, मिष्ठान वितरण कर जताया आभार

रामानुजगंज। जन चेतना कल्याण मंच द्वारा बुधवार को रामानुजगंज थाना परिसर में पुलिस परिवार के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मिष्ठान वितरण कर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में जन चेतना कल्याण मंच के अध्यक्ष विकास दुबे एवं पुरानडीह के सरपंच पति सुनील कुमार कन्हरे ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पुलिस कर्मियों के कार्यों का सम्मान किया जाना आवश्यक है।
संस्था अध्यक्ष विकास दुबे ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। वहीं सुनील कुमार कन्हरे ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, जिनकी सेवा भावना सराहनीय है।
कार्यक्रम में लोकगायक पवन कुमार पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अजय साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। समाज के विभिन्न संगठनों से मिलने वाला सहयोग और सम्मान पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाता है।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी ने जन चेतना कल्याण मंच, अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
