BalrampurChhattisgarhLocal News

नदी में डूबे दो मासूम, नहाने गए थे साथ, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र के भुताही गांव में दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। भीषण गर्मी में नदी में नहाने गए बच्चों के साथ यह हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

सामरी पाठ थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताही गांव में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, 5 वर्षीय और 6 वर्षीय दोनों बच्चे अपने कुछ साथियों के साथ दोपहर बाद करीब 3 से 4 बजे के बीच गांव के समीप बह रही नदी में नहाने पहुंचे थे। गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे पानी में उतरे, लेकिन खेल-खेल में वे गहरे हिस्से में चले गए। देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में डूबने लगे।

साथ मौजूद अन्य बच्चों ने जब यह देखा तो घबराकर शोर मचाया और गांव की ओर भागकर लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिना देर किए नदी में उतरकर बच्चों को तलाशना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बच्चों की हालत देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरा माहौल गमगीन हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के रहने वाले थे।

सूचना मिलने पर सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर आंख नम है और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *