BalrampurChhattisgarhEnvironmentRamanujganjSpecial Reports

15 दिन से रामानुजगंज के जंगलों में जमे 22 हाथी, वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क

बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में बीते 10 से 15 दिनों से 22 हाथियों का आक्रामक दल विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में इन दिनों 22 हाथियों का दल सक्रिय है, जो लगातार जंगल क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा है। वन विभाग के मुताबिक, फिलहाल यह दल छतवा जंगल में डेरा डाले हुए है और सभी हाथियों का व्यवहार आक्रामक बताया जा रहा है।

हाथियों के इस दल में 7 नर, 10 मादाएं और 5 शावक शामिल हैं, जिससे उनकी गतिविधियां और भी संवेदनशील हो गई हैं। शावकों की मौजूदगी के कारण झुंड अधिक सतर्क और उग्र हो सकता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं। विशेष रूप से महुआ बीनने, लकड़ी संग्रह करने और मवेशी चराने के लिए जंगल में प्रवेश न करने की सख्त हिदायत दी गई है।

ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए विभाग द्वारा गांव-गांव मुनादी कराई जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *