Local NewsBalrampurChhattisgarhCrime & LawPoliticsRamanujganj

बलरामपुर में ED की बड़ी दस्तक: पूर्व CM के OSD रहे अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया से सर्किट हाउस में पूछताछ

बलरामपुर : छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ताबड़तोड़ कार्रवाइयों के बीच बलरामपुर के प्रशासनिक महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय एजेंसी की टीम अचानक जिले में पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, दो गाड़ियों में सवार होकर आई ईडी की टीम ने सर्किट हाउस पहुंचकर बलरामपुर के अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया से मैराथन पूछताछ की। कार्रवाई की खबर फैलते ही सर्किट हाउस परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई और प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया।

भूपेश बघेल के OSD रह चुके हैं बोरघरिया

उल्लेखनीय है कि चेतन बोरघरिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी (OSD) के पद पर तैनात थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन और प्रशासनिक फेरबदल के बाद उन्हें बलरामपुर जिले में अपर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

भिलाई में पूर्व PA के ठिकाने पर भी तड़के रेड

मंगलवार सुबह ईडी की रायपुर जोनल टीम ने भिलाई स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के पूर्व निजी सहायक (PA) के.के. चंद्रवंशी के आवास पर भी दबिश दी। सुबह करीब 6 बजे पहुंची टीम ने घर को अपने घेरे में लेकर अहम दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। प्रदेश में कई जगहों पर एक साथ हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।

CGPSC घोटाले से तार जुड़े होने की चर्चा

सूत्रों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईडी की यह ताजा कार्रवाई छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में हुई कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच से जोड़कर देखी जा रही है। हालांकि, बलरामपुर में अपर कलेक्टर से हुई पूछताछ का CGPSC मामले से सीधा क्या संबंध है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पहले भी जांच के दायरे में रहे हैं नजदीकी

यह पहला मौका नहीं है जब पूर्व सीएम से जुड़े अफसरों या करीबियों पर केंद्रीय एजेंसी का शिकंजा कसा हो।

  • साल 2023: तत्कालीन सीएम के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा और उनके ओएसडी के ठिकानों पर ईडी ने तलाशी ली थी।
  • साल 2025: कथित शराब घोटाला मामले में भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर भी ईडी ने दबिश दी थी।

फिलहाल, बलरामपुर में अपर कलेक्टर से हुई इस पूछताछ को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। जांच एजेंसी की ओर से स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *