ChhattisgarhBalrampurCrime & LawLocal NewsRamanujganj

बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: सुखड़ी नदी में बही भैंस को बचाने उतरा 15 वर्षीय किशोर, तेज बहाव में बहने से मौत

बलरामपुर जिले में जारी मूसलाधार बारिश के चलते उफान पर आई सुखड़ी नदी में बहने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा सनवाल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचवाल में शनिवार दोपहर उस वक्त हुआ, जब किशोर अपनी मवेशी को बचाने के दौरान नदी की तेज धार में बह गया। लगभग 24 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह उसका शव बरामद कर लिया गया।

मवेशी को निकालने के दौरान हुआ हादसा

ग्राम पंचवाल निवासी बीरेंद्र यादव (15) शनिवार को गांव के समीप मवेशी चराने गया था। इसी दौरान उसकी एक भैंस उफान मार रही सुखड़ी नदी में उतर गई। बारिश की वजह से नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और धार बेहद तेज थी। बीरेंद्र जैसे ही भैंस को बाहर निकालने के लिए पानी के करीब गया, उसका पैर फिसल गया और वह पानी के प्रचंड वेग में बह गया।

महिला ने दी सूचना, पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया अभियान

घटना के समय पास मौजूद एक महिला की नजर उस पर पड़ी, लेकिन नदी की भयावह स्थिति को देखते हुए वह बचाव के लिए उतरने का जोखिम नहीं ले सकी। महिला ने तुरंत परिजनों और सनवाल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण शनिवार को किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।

रविवार सुबह मिला शव

गहन तलाश के बाद रविवार सुबह लगभग 7:30 बजे त्रिशूली और पचावल के बीच सुखड़ी नदी से बीरेंद्र का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए 100 बिस्तरीय अस्पताल, रामानुजगंज भेज दिया।

प्रशासन की अपील: बढ़े जलस्तर के दौरान बरतें सावधानी

जिले भर में बीते कुछ दिनों से हो रही अनवरत बारिश के कारण तमाम नदी-नाले उफान पर हैं। पुलिस व जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाली जगहों से दूरी बनाए रखें तथा बच्चों और मवेशियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *