BalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

बलरामपुर पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई: ₹10.50 करोड़ का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

बलरामपुर: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बलरामपुर पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। थाना बसंतपुर पुलिस ने एक सटीक ‘एंड-टू-एंड’ (E2E) ऑपरेशन को अंजाम देते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का 1941.110 किलोग्राम (लगभग 2 टन) गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ ही परिवहन में इस्तेमाल हो रहे 50 लाख रुपये की कीमत वाले एक 16-चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में सीज किए गए माल (मशरूका) की कुल कीमत 10 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।

ओडिशा से यूपी जा रही थी नशे की बड़ी खेप

पुलिस महानिरीक्षक (सरगुजा रेंज) दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी को पुख्ता सूचना मिली कि पूर्व के एक मामले का मुख्य सूत्रधार इस इलाके में सक्रिय है और गांजे की एक बहुत बड़ी खेप पार कराने की फिराक में है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 11-12 जून की दरमियानी रात बसंतपुर क्षेत्र में रणनीतिक घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रक (क्रमांक RJ 14 GU 9078) को रोककर जब सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर से गांजे के 62 बड़े पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 30 किलोग्राम था। कुल 1941 किलो 110 ग्राम मादक पदार्थ मिलने पर पुलिस ने तत्काल वाहन और माल को अपने कब्जे में ले लिया।

शातिर मास्टरमाइंड फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • लोकेश शर्मा (46 वर्ष) — निवासी: सहारनपुर, उत्तर प्रदेश (मुख्य सरगना)
  • आमिर अंसारी (23 वर्ष) — निवासी: मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा पुराना हिस्ट्रीशीटर है। वह वर्ष 2025 में भी बसंतपुर थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का मुख्य आरोपी था, जिसमें उसके ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया था। दिलचस्प बात यह है कि पिछला ट्रक भी उसी के नाम पर था और इस बार जब्त किया गया 16-चक्का ट्रक भी उसी के नाम पर पंजीकृत पाया गया है। लोकेश लंबे समय से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच एक संगठित सिंडिकेट चला रहा था।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस बड़ी सफलता के बाद बसंतपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और भारी वाहन की जब्ती से अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कमर टूट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *