Local NewsBalrampurChhattisgarhCrime & LawRamanujganj

बाड़ी में सब्जियों की आड़ में उगाए जा रहे थे गांजे के 112 पौधे, बरियों पुलिस ने आरोपी को दबोचा

बलरामपुर। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बलरामपुर जिले की बरियों चौकी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम खुखरी के रखैतपारा में एक ग्रामीण द्वारा सब्जी बाड़ी की आड़ में बड़े पैमाने पर की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने मौके से छोटे-बड़े कुल 112 गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनका वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंका गया है। मामले में 51 वर्षीय आरोपी कबीर साय टेकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फसल गिरदावरी के दौरान पटवारी को लगी भनक

घटनाक्रम के अनुसार, 3 अक्टूबर को ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी क्षेत्र में राजस्व विभाग के निर्देशानुसार फसल गिरदावरी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कबीर साय टेकाम के आधिपत्य वाली जमीन पर स्थित सब्जी बाड़ी पर पड़ी, जहां हरी सब्जियों के बीच संदिग्ध पौधे लहलहाते दिखे। बारीकी से देखने पर गांजे की खेती की पुष्टि होते ही पटवारी ने तुरंत इसकी सूचना बरियों चौकी प्रभारी को दी।

पुलिस ने मारा छापा, बाड़ी से उखाड़े गए 112 पौधे

पटवारी से मिले इनपुट के बाद चौकी प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और निर्देश मिलते ही एक विशेष टीम गठित कर ग्राम रखैतपारा में दबिश दी। पुलिस टीम ने जब मौके पर मौजूद कबीर साय टेकाम से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सब्जी की फसल के बीच छिपाकर गांजे के पौधे लगाने का जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने बाड़ी की सघन तलाशी ली और छोटे-बड़े, डगाल, तने और हरी पत्तियों समेत कुल 112 पौधे बरामद किए। मौके पर ही विधिक प्रक्रिया के तहत सभी पौधों की गिनती और वजन की कार्रवाई पूरी की गई।

एनडीपीएस एक्ट की गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने 36.300 किलोग्राम गांजे के पौधे सीज करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना राजपुर (चौकी बरियों) में अपराध क्रमांक 248/2026 के अंतर्गत स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 8(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आवश्यक पूछताछ और कागजी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

यह सफल कार्रवाई जिले में अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस, राजस्व और वन अमले के संयुक्त समन्वय तंत्र के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बरियों पुलिस टीम द्वारा कुशलतापूर्वक पूरी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *