InstitutionalBalrampurChhattisgarhNational NewsPoliticsRamanujganj

अयोध्या मंदिर में चढ़ावा चोरी के खिलाफ रामानुजगंज में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

रामानुजगंज (बलरामपुर)। श्रीराम मंदिर अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर आज सोमवार को रामानुजगंज की सड़कों पर सियासी गरमाहट देखने को मिली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के देशव्यापी आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने एक विशाल विरोध रैली निकाली। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर आवाज बुलंद की।

लरंगसाय चौक से बस स्टैंड तक गूंजे नारे, शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी रैली

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। आंदोलन की शुरुआत स्थानीय लरंगसाय चौक से हुई, जिसके बाद रैली चांदनी चौक, गांधी चौक और बस स्टैंड होते हुए शहर के तमाम प्रमुख मार्गों से गुजरी। रैली में शामिल कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर लगातार नारेबाजी करते रहे। इस प्रदर्शन में जिले के सभी ब्लॉक कमेटियों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता एकजुट हुए।

“प्रभु श्रीराम देश के करोड़ों नागरिकों की अगाध आस्था के केंद्र हैं। देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में जो भी चढ़ावा अर्पित किया जाता है, उसके प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता और शुचिता होनी चाहिए। यदि आस्था के इस बड़े केंद्र में किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता या चोरी की बात सामने आ रही है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर सच को तत्काल जनता के सामने लाया जाना चाहिए और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”हरिहर यादव, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी

धार्मिक आस्था में अनियमितता बर्दाश्त नहीं: राज्यपाल व राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि धार्मिक और जन-आस्था से जुड़े संवेदनशील मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सबसे ऊपर होनी चाहिए। आंदोलन के समापन पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम एक प्रशासनिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि इस पूरे कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, क्योंकि धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ और किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इस प्रमुख विरोध रैली में जिला अध्यक्ष हरिहर यादव के साथ ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता, मोहन सिंह, समीर सिंह देव, देवनारायण मरावी, मोनिश अब्दुल्ला, रामदेव जागते, अजय सोनी तथा अजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन और स्थानीय कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *