ChhattisgarhBalrampurEnvironmentRamanujganj

रामानुजगंज: फकिरवा नाला में फेंकी गई एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स की बोतलें हटीं, स्वच्छता दीदियों ने की सफाई

रामानुजगंज: नगर के वार्ड क्रमांक 09 स्थित फकिरवा नाला में भारी मात्रा में एक्सपायर हो चुकी कोल्ड्रिंक्स की बोतलें फेंकने और गंदगी फैलाने का मामला सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। क्षेत्र में फैल रही दुर्गंध और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए तत्काल नाले की मुस्तैदी से साफ-सफाई कराई गई।

निरीक्षण के बाद तत्काल दिए गए निर्देश

नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के निर्देश पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) सुधीर कुमार खुद स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थल का जायजा लेने के बाद सीएमओ ने कर्मचारियों को नाले से कांच की बोतलों को तुरंत बाहर निकालने और पूरे परिसर को पूरी तरह से स्वच्छ करने के कड़े निर्देश दिए।

ग्रामीणों और राहगीरों को मिली बड़ी राहत

गौरतलब है कि फकिरवा नाला मार्ग पुरानडीह सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों को रामानुजगंज शहर से जोड़ता है। इस व्यस्त मार्ग से रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन होता है। नाले में बड़े पैमाने पर फेंकी गई इन एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स की वजह से न सिर्फ प्रदूषण फैल रहा था, बल्कि मवेशियों और आम जनता के स्वास्थ्य पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा था। इस समय पर हुई सफाई से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

कचरे से कंचन: कांच की बोतलों से बनेगी आकर्षक सामग्री

सफाई अभियान को लेकर सीएमओ सुधीर कुमार ने एक बेहतरीन पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाले से निकाली गई कांच की बोतलों को बेकार फेंकने के बजाय उनका पुनर्चक्रण (Recycle) किया जाएगा। स्व-सहायता समूह की महिलाएं इन बोतलों का उपयोग कर सुंदर और उपयोगी सामग्रियां तैयार करेंगी, जिन्हें बाजार में बेचकर वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। नगरपालिका की इस त्वरित कार्रवाई और अनोखी पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *