सनावल में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मिली लाश: शादी के महज 4 महीने बाद तालाब में तैरता मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सनावल / बलरामपुर : सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरवा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 19 वर्षीया नवविवाहिता का शव गांव के ही तालाब में संदिग्ध अवस्था में तैरता पाया गया। मृतिका की शिनाख्त संगीता यादव (19 वर्ष) के रूप में हुई है। शादी के महज चार महीने के भीतर हुई इस दुखद घटना से मृतिका के मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है।

12 मई को हुई थी शादी, मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगीता का विवाह गत 12 मई 2026 को सेमरवा निवासी दिलीप यादव के साथ बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ था। शादी के कुछ ही महीनों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने संगीता के पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
थाना प्रभारी का बयान:
मामले की जानकारी देते हुए सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि “शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेजा गया है। मौत की असली वजह—हत्या या आत्महत्या—का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।”
