रामानुजगंज में शांति समिति की बैठक: गणेश उत्सव पर डीजे प्रतिबंधित, रात 9 बजे के बाद विसर्जन पर रोक
रामानुजगंज: आगामी गणेश चतुर्थी और विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को रामानुजगंज थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था, विसर्जन मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा की।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश विसर्जन के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बच्चों और बुजुर्गों पर तेज आवाज के पड़ने वाले दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए यह कड़ा निर्णय लिया गया है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान फूहड़ता पर भी पूर्ण रोक रहेगी।
कन्हर नदी घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम परंपरा के अनुसार नगर भ्रमण के बाद रामानुजगंज की कन्हर नदी के प्राचीन मंदिर घाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की टीम और पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने रात 9 बजे के बाद प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध लगा दिया है, साथ ही नदी में पूजा सामग्री विसर्जित करने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

सोशल मीडिया और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर एसडीएम आनंदराम नेताम ने सभी से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चूंकि रामानुजगंज झारखंड सीमा से सटा हुआ है, इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम आनंदराम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, जनपद पंचायत सीईओ रणवीर साय, एसडीओपी बाजीलाल सिंह, नगरपालिका सीएमओ सुधीर कुमार, अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरदचंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सकिंदर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
