रामानुजगंज: पुरुषोत्तमपुर के जंगल में महुआ के पेड़ से लटका मिला युवती का शव, इलाके में सनसनी।
बलरामपुर: रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम पुरुषोत्तमपुर के पास स्थित जंगल में मंगलवार सुबह एक युवती का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

महुआ के पेड़ से लटका मिला शव मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सरपंच उबल्क सिंह के घर आए कुछ मेहमान मंगलवार सुबह जब जंगल की ओर गए, तब उन्होंने महुआ के पेड़ से एक शव को लटका हुआ देखा। मेहमानों ने तुरंत गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।

सोमवार शाम से लापता थी मृतका मृत युवती की पहचान ग्राम देवीगंज निवासी पूनम (पिता दीप नारायण अगरिया) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पूनम सोमवार शाम करीब 4 बजे से ही अपने घर से लापता थी। परिजन पूरी रात उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हर संभावित पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने आत्महत्या की है या मामला कुछ और है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
