प्रधानमंत्री आवास योजना से रमेश को मिला पक्का आवास
सपनों के आशियाने को संवारने में मिली मदद

बलरामपुर, 22 मई 2026/ सरकार की योजनाओं से आज ग्रामीण परिवारों के जीवन में बदलाव नजर आ रहा है। विकासखण्ड कुसमी अंतर्गत ग्राम नवाडीह के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी श्री रमेश अगरिया कभी मिट्टी के खपरैल घर में रहने को मजबूर थे। कभी बारिश की हर बूंद रमेश अगरिया और उनके परिवार के लिए चिंता लेकर आती थी। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। संघर्षों से भरे जीवन में आज एक पक्का और सुसज्जित घर खड़ा है, जो सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि मेहनत और शासन की योजनाओं से बदली जिंदगी की पहचान बन चुका है।
रमेश ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि मिली। मनरेगा से 90 मानव दिवस की मजदूरी राशि से मिले सहयोग के बाद रमेश ने स्वयं की मेहनत और अतिरिक्त राशि लगाकर अपने घर को और बेहतर बनाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने अपने सपनों के आशियाने को संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
रमेश अगरिया भावुक होकर कहते हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका भी ऐसा पक्का घर होगा, जहां उनका परिवार निश्चिंत होकर रह सकेगा। वे शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को नई जिंदगी दी है। जो कभी अपनी परिस्थितियों के आगे मजबूर महसूस करते थे वे आज अपने परिवार के साथ बेहतर जीवन बसर कर रहे हैं।
