ज्ञान यज्ञ परिवार की लोकस्वराज यात्रा को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, ओडिशा में कई स्थानों पर केंद्र स्थापना को सहमति
रामानुजगंज से 23 अप्रैल को प्रारंभ हुई ज्ञान यज्ञ परिवार की लोकस्वराज यात्रा को विभिन्न जिलों में उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। इस यात्रा का नेतृत्व शुभेंदु महापात्रा जी कर रहे हैं, जबकि उनके साथ डॉ. नरेंद्र सिंह जी, एडवोकेट विपिन तिवारी जी एवं रॉबिन विश्वास जी भी सक्रिय रूप से यात्रा में सहभागी हैं। यात्रा का उद्देश्य समाज सशक्तिकरण एवं ज्ञान केंद्रों की स्थापना को गति देना है।

23 अप्रैल की शाम यात्रा जिला बरगढ़ के पदमपुर पहुंची, जहां श्री कानू अग्रवाल एवं भूपत राय परमार से मुलाकात हुई। इस दौरान अग्रवाल जी ने क्षेत्र में ज्ञान केंद्र स्थापना की स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद यात्रा महुलपाली पहुंची, जहां दिलीप साहू जी के साथ विस्तृत चर्चा हुई और उन्होंने भी केंद्र स्थापना के लिए सहमति दी।
24 अप्रैल को यात्रा बलांगीर जिले में पहुंची, जहां श्री दुर्गा प्रसाद होता एवं उनके साथियों से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने समाज सशक्तिकरण कार्यों की धीमी गति को लेकर नाराजगी व्यक्त की। यात्रा दल ने उनसे सहयोग का आग्रह किया, जिस पर उन्होंने आगे सक्रिय भूमिका निभाने की सहमति दी।
इसके पश्चात यात्रा बौद्ध जिले में पहुंची, जहां राधा माधव सेवाश्रम के संत ब्रह्मचारी श्री आदित्य दास महाराज से भेंट हुई। उन्होंने यात्रा दल को आतिथ्य प्रदान किया और श्री नरेंद्र जी के साथ यात्रा के उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद उन्होंने भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।
25 अप्रैल को यात्रा भुवनेश्वर पहुंची, जहां शारदा प्रसाद महापात्रा एवं उनके साथियों से मुलाकात हुई। इस दौरान ज्ञान केंद्र के ढांचे और कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा हुई। महापात्रा जी ने कुछ शर्तों के साथ पूरे ओडिशा में सहयोग देने एवं केंद्र स्थापना के लिए सहमति प्रदान की।
यात्रा को विभिन्न स्थानों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन प्राप्त हो रहा है। लोकस्वराज यात्रा लगातार जारी रहेगी और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी जनसंपर्क एवं ज्ञान केंदों का विस्तार का कार्य किया जाएगा।
