InstitutionalBalrampurChhattisgarhLocal NewsRamanujganj

रामानुजगंज एनीकट पर बड़ा हादसा टला: तेज धार में बहे मनोज मांझी का सफल रेस्क्यू, नपा अध्यक्ष ने दिया इनाम

रामानुजगंज (बलरामपुर)। कन्हर नदी के एनीकट को पार करते समय तेज बहाव में बहे एक युवक को रामानुजगंज पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अंधेरे और पानी की तेज धार के बीच चले इस सघन रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत युवक को सकुशल बचाकर प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। रेस्क्यू टीम की तत्परता और जांबाजी पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने पुलिस बल और गोताखोरों को पांच-पांच हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।

बाजार से लौटते वक्त फिसला पैर, नदी की तेज धार में फंसा युवक

मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के भंडरिया निवासी मनोज भुइयां (मांझी) रामानुजगंज क्षेत्र के पुरानडीह गांव में अपने रिश्तेदार के घर मेहमान के रूप में आया हुआ था। रविवार शाम वह गोदरमाना स्थित साप्ताहिक बाजार गया था। वहां से लौटते समय उसने कन्हर नदी के एनीकट का रास्ता चुना। एनीकट पार करते वक्त पैर फिसलने से वह नदी के तेज प्रवाह में बह गया और एनीकट से करीब 30 मीटर आगे तेज धार और पत्थरों के बीच एक टापू नुमा स्थान पर फंस गया। पानी के प्रचंड वेग के बीच जीवन-मौत से जूझ रहे युवक ने जब चीख-पुकार मचाई, तो आसपास के लोगों ने आवाज सुनकर तत्काल रामानुजगंज थाना पुलिस को सूचित किया।

रस्सी के सहारे उफनती नदी में उतरे जवान और गोताखोर

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में पुलिस बल दलबल के साथ मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कमलपुर गांव के अनुभवी गोताखोरों को बुलाया गया। पीएसआई चंदुलाल जैन, एएसआई राधेश्याम विश्वकर्मा, नारायण तिवारी, मायापति सिंह, विजय गुप्ता, किरण नेताम, मनीषा, संतोष सहित अन्य जवानों ने दयाल विश्वास के नेतृत्व में आए गोताखोरों के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। अंधेरे और तेज बहाव के बीच सुरक्षा रस्सियों के सहारे जवान और गोताखोर नदी में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित किनारे ले आए।

साहस और तत्परता का सम्मान: नपा अध्यक्ष ने दी प्रोत्साहन राशि

रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल रामानुजगंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों और दयाल विश्वास सहित कमलपुर के गोताखोरों के साहस की सराहना करते हुए दोनों टीमों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सौंपी।

अधिकारियों ने की सावधानी बरतने की अपील

रामानुजगंज एसडीओपी राजेश बांगड़े ने बताया कि देर शाम युवक के कन्हर नदी में बहने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई। टीम ने एनीकट से करीब 30 मीटर दूर फंसे युवक को सुरक्षित निकाल लिया।

गौरतलब है कि कन्हर एनीकट पर पूर्व में भी ऐसे दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। लगभग एक माह पूर्व भी साप्ताहिक बाजार के दिन एनीकट पार करते समय एक बुजुर्ग बहकर लापता हो गए थे, जिनका कई दिनों के सर्च ऑपरेशन के बाद भी सुराग नहीं लग सका था। पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बरसात और जलस्तर बढ़ने के दौरान एनीकट के ऊपर से आवागमन करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *