सुदूर वनांचल में बदलाव की नई रफ्तार: बलरामपुर जिले में 7 रूटों पर दौड़ रहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण बसें, दर्जनों गांव मुख्यालय से जुड़े
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 4 अक्टूबर 2025 को प्रारंभ की गई महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सुदूर, बीहड़ और संवेदनशील वनांचल क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। नक्सल प्रभावित और सड़क संपर्क से कटे दूरदराज के गांवों को जिला मुख्यालय, उच्च शिक्षा संस्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से संचालित यह योजना अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला रही है। जिले में वर्तमान में 7 प्रमुख ग्रामीण रूटों पर इन बसों का नियमित और निर्बाध संचालन किया जा रहा है।

7 प्रमुख रूटों पर संचालन, दर्जनों गांव सीधे मुख्यालय से जुड़े
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में आवागमन को सुगम बनाने के लिए योजना के तहत सात महत्वपूर्ण मार्गों का चयन कर बसें चलाई जा रही हैं:
- रामानुजगंज से भितरचुरा
- राजपुर से नरसिंहपुर
- वाड्रफनगर से रामानुजगंज
- शंकरगढ़ से पटना
- राजपुर से कोरगी
- गोबरा से बलरामपुर
- राजपुर से अखोराखुर्द

इन मार्गों पर नियमित बस सेवा शुरू होने से वनांचल के दर्जनों आश्रित गांव सीधे तौर पर जनपद व जिला मुख्यालय से जुड़ चुके हैं, जिससे ग्रामीणों का वर्षों पुराना आवागमन का संकट समाप्त हो गया है।
किसान, मजदूर और छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत

नियमित और किफायती परिवहन साधन उपलब्ध होने से सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण क्षेत्र के किसानों, दैनिक मजदूरों और छोटे व्यापारियों को मिला है। पहले जहां ग्रामीणों को अपनी कृषि उपज, वनोपज और साग-सब्जियों को स्थानीय हाट-बाजारों या मंडी तक ले जाने के लिए भारी किराया चुकाना पड़ता था या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब वे कम खर्च में समय पर बाजार और शासकीय कार्यालयों तक पहुंच पा रहे हैं। इससे न केवल उनके समय और धन की बचत हो रही है, बल्कि बिचौलियों पर निर्भरता भी घटी है।
विद्यार्थियों के लिए सुगम हुई उच्च शिक्षा की राह
यह बस सेवा ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रूप से संजीवनी साबित हुई है। हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और कॉलेज स्तर की पढ़ाई के लिए सुदूर गांवों से विकासखंड या जिला मुख्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को अब सुरक्षित और समयबद्ध साधन मिल रहा है। नियमित बस सुविधा मिलने से विशेषकर छात्राओं की उपस्थिति और उच्च शिक्षा में निरंतरता को बड़ा संबल मिला है।
सुदूर ग्रामीण अंचलों में सरकारी बस सेवा के विस्तार ने शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक आम जनमानस की पहुंच को आसान बनाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों के द्वार भी खोल दिए हैं।
