EnvironmentBalrampurChhattisgarhCrime & LawLocal NewsRamanujganj

रामानुजगंज में अवैध इमारती लकड़ी से भरा पिकअप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

रामानुजगंज : बलरामपुर वनमंडल के अंतर्गत रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध काष्ठ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को विजयनगर सर्किल के परहियाडीह बीट में दबिश देकर वन अमले ने कीमती साल (सखुआ) की लकड़ी का अवैध परिवहन कर रहे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सागौन-साल तस्करी पर शिकंजा, 0.628 घन मीटर लकड़ी बरामद

वनमंडलाधिकारी (DFO) आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी (SDO) अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में रामानुजगंज रेंजर डॉ. दिलरुबा ए. बानो की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। वन विभाग की गश्ती टीम ने संदेह के आधार पर महिंद्रा पिकअप (क्रमांक JH01 BS/8450) को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से साल के 5 लट्ठे और 2 चौधार (कुल 7 नग) बरामद हुए, जिनका कुल आयतन 0.628 घन मीटर मापा गया है।

बलरामपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में संलिप्त दो तस्करों शौकत अंसारी (46 वर्ष) और अमजद खान (34 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चंदरपुर (थाना बलरामपुर), को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

कड़ी कानूनी धाराओं में दर्ज हुआ मामला

वन विभाग ने लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सीज कर दिया है। आरोपियों के विरुद्ध:

  • भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) एवं 52
  • छत्तीसगढ़ वन उपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1)
  • छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के तहत वन अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान वनपाल दयाशंकर सिंह, वनरक्षक मंगलचन्द्र राम, रूपेन्द्र यादव और अनुराग तिवारी सहित वन अमला मुस्तैद रहा। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लकड़ी माफियाओं में हड़कंप व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *