शोक समाचार: ज्ञानयज्ञ परिवार आश्रम के कर्मठ कार्यकर्ता श्री वेद प्रकाश केसरी का निधन
गहन दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि ज्ञानयज्ञ परिवार आश्रम के सक्रिय, कर्मठ एवं ओजस्वी कार्यकर्ता श्री वेद प्रकाश केसरी जी का आज प्रातः लगभग 5 बजे निधन हो गया।
दिनांक 5 मई 1963 को जन्मे श्री वेद प्रकाश केसरी जी ने अपने जीवन को शिक्षा, समाज सेवा और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित कर दिया था। अपने पिता श्री हीरालाल केसरी जी के चार पुत्रों एवं तीन पुत्रियों वाले परिवार में वे एक संस्कारित और दायित्वनिष्ठ व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।

उन्होंने रामानुजगंज एवं आसपास के अनेक शासकीय विद्यालयों में एक समर्पित और प्रतिभाशाली शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। देवीगंज स्थित विद्यालय से 31 मार्च 2025 को वे सेवानिवृत्त हुए थे। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण अंतिम समय तक बना रहा। कुछ ही दिन पूर्व लिटिल फ्लावर हाई स्कूल में आयोजित सात दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का संचालन भी उन्होंने अत्यंत उत्साह और दक्षता के साथ किया था।
सामाजिक जीवन में भी उनकी गहरी सक्रियता रही। समाजहित के कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण वे केसरवानी महासभा, रामानुजगंज इकाई के अध्यक्ष पद पर भी रहे। सांस्कृतिक गतिविधियों, विशेषकर गायन एवं वादन में उनकी विशेष रुचि थी, जिसके माध्यम से वे समाज में ऊर्जा और आत्मीयता का वातावरण निर्मित करते थे।
वे अपने पीछे दो पुत्र, एक पुत्री एवं एक विशाल आत्मीय परिवार छोड़ गए हैं।
विद्यालय परिवार एवं ज्ञानयज्ञ परिवार आश्रम ईश्वर से प्रार्थना करता है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य दें।
॥ ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ॥
