Local NewsBalrampurChhattisgarhCrime & LawHealthRamanujganj

कुसमी में भीषण सड़क हादसा: ब्रेक फेल होने से पेड़ से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, 2 महिलाओं की मौत, 17 घायल

बलरामपुर।

बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत करौंधा के समीप सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पिकअप सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों सहित करीब 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 9 लोगों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

काली मिट्टी लाने जा रहे थे ग्रामीण, रास्ते में हुआ ब्रेक फेल

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक CG 15 DP 2749 में सवार होकर ग्रामीण सुबह लगभग 9:30 बजे देवरी से प्रेमनगर की ओर काली मिट्टी लेने जा रहे थे। वाहन अभी करौंधा से करीब एक किलोमीटर आगे ही पहुंचा था कि अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। ढलान और रफ्तार के कारण चालक वाहन पर से पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के समय वाहन में महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 20 लोग सवार थे। जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों व घरों से ग्रामीण फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत कर वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसी बीच सूचना पाकर कुसमी पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया।

दो महिलाओं की मौत, 9 गंभीर घायल रेफर

अस्पताल में चिकित्सकों ने देवरी (थाना करौंधा) निवासी सूरजमणि (पति बालेश्वर) एवं किरण (पति कपिल) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज हेतु तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार कुसमी अस्पताल में जारी है। घटना की खबर लगते ही अस्पताल परिसर में पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे वहां मातम का माहौल छा गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

कुसमी पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण पिकअप का अचानक ब्रेक फेल होना सामने आया है। पुलिस वाहन की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *